ग्वालियर। ग्वालियर में गुरुवार को दिनभर रिमझिम बारिश हुई जिसकी वजह से दिन और रात के तापमान में सिर्फ 2.3° सेल्सियस का अंतर रहा। मॉनसून सीजन में पहली बार ग्वालियर में लगातार 12 घंटे से अधिक तेज बारिश हुई। साथ ही 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली और पूरे दिन अंधेरा भी छाया रहा।
बीते दिन फुहार और रिमझिम बारिश के बाद दिन का पारा सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। यही नहीं बुधवार की तुलना में गुरुवार का अधिकतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 26.1 डिग्री दर्ज किया गया।
आसपास के जिलों में रेड और येलो अलर्ट हुआ जारी
ग्वालियर चंबल आंचल के कई जिलों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया गया। तेज बारिश होने के आसार दतिया और भिंड में लगाए गए है, इसलिए वहां पर रेड अलर्ट, जबकि मध्यम बारिश होने के आसार ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, अशोकनगर में लगाए गए इसलिए वहां पर येलो अलर्ट जारी किया गया।
वहीं वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि 19 और 20 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवाती घेरा बनेगा जिसका असर 19 सितंबर से आंचल में दिखाई देगा।
Posted On:Friday, September 17, 2021